सोमवार, 19 सितंबर 2011

जानती हूं तेरे महफिल के काबिल नही हूं। तो क्या जीना छोड़ दूं?

जानती हूं तेरे महफिल के काबिल नही हूं।
तो क्या जीना छोड़ दूं?
या बंद कर लूं, खूद को ऐसे अंधेरे में।
जहां तेरे महफिल की रोशनी की झलक भी ना आए।
ना वो झंकार सुनाई दे मेरे कानो में।
ना तेरी आवाज ज़हन को चीर जाए
ना वो प्यास जगे होठों पर
ना वो तड़प तुझ तक जाए….
पर इस कदर जी भी तो नहीं सकती
माना कि,
मेरे अक्स मे इतना दम नहीं
जिसमे जगमगा सके तेरा महफिल
पर एक वजुद तो मेरा भी है…
कैसे मिटा दूं इस हस्ती को?
या फिर वो हक तुझे दे दूं!
जिसके लिए मेरा होना,
किसी शाप से कम नहीं।
इसलिए
तुझे तेरे महफिल की सारी रंगीनियां मुबारक
मैं, मेरे वजुद को समेटे
एक अलग दुनिया बना लूंगी।
इस खुशफहमी में मत जीना कि
लौट कर आऊंगी मैं कभी
कि मेरे पग लड़खड़ायेंगे
या थरथरा जाएगी मेरी जुबान
या मेरी दुनिया का अंधेरा मुझे
तेरी रोशनी में लौटने पर विवश कर देंगे।
तेरी नजर में जो मेरी यह अंधेरी दुनिया है
वो तेरे महफिल से बेहतर होगी
क्योंकि यह मेरे अपने जीने की वजह होगी…

शनिवार, 26 फ़रवरी 2011

ओ रे बसंत

बसंत आ गया है। आप कहेंगे कौन सी नई बात है? आप भी जानते हैं कि बसंत आ गया है। हर साल आता है।
बात तो सही है कि बसंत हर साल आता है और आता भी रहेगा। हाँ फिर भी मेरा मन बसंत के आने से खुश है। अब क्यारियों मे नये रंग खिल गये हैं। नई खुशबु ने जैसे घर मे अपनी जगह बना ली है। हर रोज़ कुछ नया दिख जा रहा है। नया रंग नयी खुशबु और अब तो तितलियाँ भी आने लगी हैं।
हालांकि कोई बड़ा सा बगीचा नही है मेरा, पर उतना तो है कि खुले मन से इन सबका स्वागत कर रही हूँ। हाँ एक कमी है कि काश वीणा वादिनी मुझपर थोड़ी सी मेहरबान होतीं और थोड़ी सी खनक मेरे आवाज मे भी होती तो मेरी सखियाँ जो रोज़ पौधो के पास आकर गुनगुनाते हैं उनके साथ मै भी थोड़ा सुर मिला लेती।
पर मुझे डर लगता है कि कहीं मैने अपनी बेसुरी तान छेड़ी और ये पंख फैलाकर उड़ जायेंगी, मेरे पास क्या पता दुबारा फिर आयें ना आयें...

इसलिये चुपचाप इनकी चहचहाहट का आनन्द ले लेती हूँ।

और .... और क्या बस आप भी बसंत के आने का आनंद उठाईये।

आगे का हाल फिर कभी

गुरुवार, 2 दिसंबर 2010

तुम बिन

मेरी मुहब्बत इबादत से कम नही है।
तुम्हारे बिना ये जीवन सनम नही है।
तुम ही मेरे ईश्वर मेरे खुदा हो
सच कहूँ तो तुम नही तो मै भी नही हूँ।
मेरी शबो-रात तुम से होती है शुरू
और हर लम्हा तुम पर खत्म होता है।
आगाज़ हो तुम मेरे जीवन का
अब अंजाम का डर है कहां
कि होगा इस सफर अब क्या
संग तुम्हारे चलती रहूँगी
रास्ता भले ही हो कैसा भी कभी।

मेरी मुहब्बत इबादत से कम नही है
तुम्हारे बिना ये जीवन सनम नही है।

मेरे दिल मे बस रही हर धड़कन की कसम
कि हर पल बसता है चेहरा तुम्हारा ही
जब से देखा है तुमको
कुछ और दिखता नही है
हर शय मे दिखता है चेहरा बस तुम्हारा ही।
आगाज़ो-अंजाम की परवा है कि अब
तुम्हारे मुहब्बत मे डूबी ऐसी
कि अब उठने कि इच्छा ही नही है।

मेरी मुहब्बत इबादत से कम नही है।
तुम्हारे बिना ये जीवन सनम नही है।

मंगलवार, 23 मार्च 2010

इच्छा

याचना नही है
बता रही हूँ।
कि अब जीना चाहती हूँ
बहूत हो गया
अब तलक तुम्हारे बताये रास्ते पर
जीती गयी,
जीती गयी या
यूँ कहूँ की
जीवन को ढो़ती गयी।
पर अब ऐसा नही होगा
हाँ
तुम्हे कोई दोष नही दे रही हूँ
ना ही अपनी स्थिती को
जायज या नाजायज
बताने के लिये लड़ रही हूँ।
मै बस इतना कह रही हूँ
कि
आगे से अब सब बदलेगा
मै अपने शर्तो पर
अपने आपको रखूँगी
और जीवन को ढो़ने के बजाय
जीऊँगी।
हाँ मेरे जीवन मे
अगर तुम चाहो तो
तुम भी शामिल रहोगे।
ना यह न्योता है
ना निहोरा है।
बतला रही हूँ।
तुम चाहो तो
मेरे हमकदम बनकर
साथ चल सकते हो।
एक आसमान जिसमे हम दोनो का
अपना अपना अस्तित्व हो
वो जमीं
जिसमे हम दोनो की अपनी अपनी
जड़े हों
वो मौसम
जिसमे हम दोनो की खुशबु हो
ऐसे वातावरण मे जहा
हम दोनो साँस ले सकें।
पर अगर तुम्हे ये मन्जूर ना हो
तो भी
मै बता रही हूँ।

गुरुवार, 7 जनवरी 2010

जानते हो?

मेरे सेन्टर पर आने वाली लगभग हरेक महिला अपने पति से यह कहना चाहती है... बस उन्ही के कुछ भावो को शब्द देने की कोशिश की है...

जानते हो
एक दबी हुई इच्छा है कि
मै ऑफिस से आऊँ
और तुम घर पर रहना
आकर तुम्हे कहूँ
जान, आज काम ज्यादा था
इतना थक गयी की
कि पुछो मत
तुम्हारा ही काम अच्छा है
घर मे रहते हो
सारा दिन सोये रहते हो....

जानते हो
जी चाहता है कि
मै भी मचल के कहूँ
जान, तुम ऐसे क्यों रहते हो
हमारा भारतीय परिधान
धोती कुर्ता
कितना अच्छा लगता है
क्यो तुम हर दिन अंग्रेज
बन इठलाते हो

जानते हो
कुंडली मारकर
एक इच्छा दबी बैठी है
कि एक दिन शान से कहूँ
जानते हो दाल चावल का भाव
इतने महंगे सामान
मेरी जेब से आते हैं
तुम्हारे घरवाले थोड़ी ना लाते हो

जान... जानते हो...

सोमवार, 25 मई 2009

पत्रो वाली दास्तां

यूँ तो अब पत्र लिखने का वक्त नही रहा... मुझे खुद पत्र लिखे कई साल बीत गये... पर यहाँ कुछ सच्ची और काल्पनिक घटनाओं को मिलाकर कुछ लिखने कि कोशिश कर रही हूँ,ना ही पत्र लिखने आता है ना ही कहानी लिखने आता है... और ना ही किसी के व्यक्तिगत पत्र का उल्लेख करना उचित होगा... इसलिये खुद ही गलत सही करते हुए पहले से माफी मांगते हुए इस श्रृंखला को आगे बढ़ाने कि कोशिश कर रही हूँ और फिर लिखूँगी नहीं तो लिखने आयेगा कैसे?
=========================================


"मम्मी यह पुराने लिफाफो का पुलिंदा कैसा है? किसके पत्र हैं यह सब?" गुड़िया को एक ब्रीफकेस मे जैसे ही पुलिंदा मिला वह चहकते हुए मम्मी से पुछने लगी।
"यह तुम्हारे पापाजी और मेरे लिखे पत्र हैं।" मम्मी ने प्यार से बताया।
"ओ, वाह!" पहले तो वह चहकी, "पर मम्मी आप दोनो की तो..." गुड़िया पुछते पुछते रूक गयी, तभी अचानक पापाजी कमरे मे आ गये
"हमारा क्या बेटा?" पापा जी ने पुछा। गुड़िया बोली "मेरा मतलब आप दोनो की तो लव मैरिज नही थी, अरैन्ज मैरिज थी ना.. फिर ये पत्र...?"
मम्मी पापा जी हँसने लगे...और एक साथ बोले... "किसने कहा बेटा कि हम पत्र नहीं लिख सकते थे? "ना मेरा मतलब ऐसा नही था", गुडिया थोड़ा झेंपते हुए बोली। कुछ देर रूककर पापा जी बोले "तुम्हे इन पत्रों को पढ़ना चाहिये... तुम समझोगी की ये हमारे लिये कितनी मायने रखती है।"
"मेरे कहने का मतलब ये नही था पापा जी, गुड़िया बोली वैसे तो मै समझ रही हूँ कि ये पत्र बहुत खास हैं आप दोनो के लिये, तभी तो २७ सालो से आपने इनको सम्भाल कर रखा है" वह मुस्कुराती हुए बोली।
मम्मी पापा जी भी मुस्कुरा उठे "अच्छा तो लो पहला पत्र पढ़ो आज... ये तब के है जब मै शादी के कुछ दिनो बाद ही तुम्हारी मम्मी और घरवालो से दूर गरीबी मिटाने का संकल्प लेकर चला गया था...।" पापा जी ने यह बोलकर एक पत्र उसकी तरफ बढ़ा दिया

"जी" और गुड़िया बिना एक सेकेन्ड भी गंवाये पत्र पढ़ने लगी।



प्रिये,
जानता हूँ पत्र लिखने मे बहुत देर हो गयी है... और तुम नाराज हो रही होगी... पर क्या करूँ भारी भरकम शब्द नही आते ना ही शायरी आती है, जिन्हे लिखकर मनाऊँ, बस इतना सा आता है कि तुम नाराज मत होना... समझना... जो कुछ भी हो रहा है, हमारे लिये हो रहा है। तुम जब मेरी जिन्दगी मे आयी तो लगा कि, मै तो अंधकार मे जी ही रहा था, तुमको भी इस अंधकार मे ले आया। अंधकार भी ऐसा कि प्रकाश की किरण दूर दूर तक नज़र नही आ रही है। इसलिये भाग आया ताकि तुमको प्रकाश मे जिन्दा रखने का सामर्थ्य पा सकूँ। यहाँ आकर लग रहा है कि सिर्फ हम ही क्यों? हमारा परिवार भी उसी अंधकार मे जी रहा है, और हमारा यह उद्देश्य बनता है कि हम मिलकर उन्हे भी प्रकाश मे लायें... कहो, सही बोल रहा हूँ ना? मै जानता हूँ कि तुम "हाँ" ही कहोगी और इसलिये मेहनत बढ़ा दी... और सिर्फ इसी वजह से पत्र देने मे देर हो रही है। ज्यादा कुछ नही कहूँगा उम्मीद है कि तुम समझ जाओगी। तुम समझ जाओगी की मै क्या कर रहा हूँ और क्यों?

कहो समझ जाओगी ना?
तुम्हारा
अपना

"ओ ओ... फिर मम्मा आपने क्या जवाब दिया?" गुड़िया ने पुछ ही लिया
मम्मा ने जवाब के तौर पर एक और पत्र गुड़िया को थमा दिया।

प्राणनाथ,
आपका पत्र मिला... पढ़कर अत्यन्त खुशी हुई। मै जान गयी हूँ कि आप जो भी करेंगे अच्छा ही करेंगे, और मै आपके हर कदम पर साथ ही रहूँगी। आपसे नाराज होने का कोई औचित्य नहीं बनता है। आपसे मिलते ही मै आपको समझ गयी थी कि आप गलत नही हो सकते, और अगर कभी गलत हुए भी तो नाराज होकर बैठने से अच्छा होगा कि मै उस विषय पर आपसे बात करूँ। यह हमारा जीवन है, और यह तभी पूर्ण प्रकाश के चादर मे पल सकेगा जब हम दोनो मिलकर कोशिश करें। हमारी मेहनत जरूर रंग लायेगी। है ना? इस सफर मे आप अकेले नहीं हैं, मै भी तो हूँ, आप वहाँ मेहनत करिये और मै यहाँ, और मुझे यकीन है कि एक दिन हम सम्पूर्ण रूप से साथ और सफल होंगे। पर साथ मे मेरा अनुरोध है कि अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखियेगा... आप मेरी बात मानेंगे ना?

आपकी
सिर्फ आपकी


"अच्छा फिर क्या हुआ मम्मी?" गुड़िया ने पुछा
"आगे... हम दोनो अपने अपने कर्मभुमि पर अपना धर्म निभाने मे लग गये। कोई परेशानी भी आती तो उसका समाधान करते किसी से कोई कोई गिला, शिकायत नही... " मम्मी बोलकर चुप हो गयी या शायद यादो मे खो गयीं।
तभी पापा जी बोले "बेटा जब मंजिल तक जाने की ललक हो तो बाधायें नही डराती, पर शर्त यह है कि रास्ते को जीते हुए चलो उसे बोझ समझकर मत चलो... मंजिल से भी बेहतर तुम्हारा सफर होता है, हमेशा याद रखो कि सफर को मौज के साथ पूरा करना चाहिये"
"जी पापा जी", गुड़िया बोली " वैसे फिर दुबारा पत्र कब भेजा आपने?
"बताऊँगा, जरूर बताऊँगा, पर आज नही कल..." पापा जी ने कहा।
"ठीक है पापा जी पर कल पक्का... है ना", गुड़िया बोल पड़ी।
"हाँ, हाँ, एकदम पक्का" मम्मी पापा जी साथ मे बोले... या फिर वो उस पल एक साथ जीने लगे, शायद अपने पत्रो की दुनिया मे... उन्हे एकसाथ एक दुनिया मे देखकर गुड़िया कमरे से बाहर आ गयी... कल के इंतजार मे।

===================

हम भी कल मिलते हैं...

शनिवार, 14 फ़रवरी 2009

वैलेनटाईन डे मेरी नज़र से

वैलेनटाइन डे आ गया है... और हवा मे खूब गर्मजोशी है... वाह वाह। गर्मजोशी उन दिलों मे हैं, जो अपने प्यार का पहले-पहल इज़हार करना चाहते हैं, और उनमे भी हैं, जिन्होने कर रखा है बस कोई अच्छा सा गिफ्ट देकर उसे पुख्ता करना चाहते हैं, और उनमे भी है जो इस हंगामे को रोक देने के लिये कुछ भी करने की पूरी तैयारी के साथ हैं। क्या मौसम है... पर जनाब गर्मजोशी वही पर नहीं है जहां होना चाहिये... प्रमाण के तौर पर
पिछले १० दिन से मैने अपने परिचितो की श्रेणी मे ४० साल और इसके ऊपर के सभी दम्पतियों को पूछ लिया कि उन्होंने इस दिन की तैयारी मे क्या किया... जवाब लगभग ऐसा था एक-दो छोड़कर...

अरे बेटा अब इस उम्र मे हम कहां इस दिन को मनायेंगे
अब वो बात कहां
अब तो बस दिन कट रहे हैं
उनको हमारी इतनी फिक्र नही, हम कुछ कह भी दें.. तो... कोई फर्क नही पड़ेगा
श्श्श्श्श्श्श्श्श्श्श ये बातें भी ऐसे खुलेआम की जाती हैं
ये भी कोई दिन है पता ही नही था
अरे ये अंग्रेजों ने तो ......
हद हो गयी... मै सोच रही थी, जिसके साथ ता-उम्र गुजारी है और बाकी की गुजारनी है उससे प्यार नहीं? और अगर है तो इजहार करने मे इतनी झिझक क्यों? क्या प्यार सिर्फ २० की उम्र की धरोहर है जो ४० तक जाते जाते पुरानी पड़ जाती है? जिसे याद करने मे भी शर्म आती है?
मै तो समझती थी कि प्यार अत्यंत ही पवित्र होता है और इसकी पवित्रता वक्त के साथ और गहरी होती जाती है... लेकिन प्यार तो कलंकित, अपमानित, निरूत्तरित है.. चलिये जाने देते हैं, मुझे इसका जवाब चाहिये भी नहीं... मै कुछ और ही सोच रही हूँ। क्योंकि बड़े लोगो के बीच मे बच्चे को नही पड़ना चाहिये इसलिये मै बच्चों मे बीच मे ही पड़ती हूँ।
वैसे बड़े हो या बच्चे प्यार कलंकित, अपमानित होता ही है... पर सवाल उठता है क्यों? क्यों? हमारे देश मे भी प्यार इतना अपमानित हो गया है? प्यार की पवित्रता मिट गयी है/रही है... बचा है तो... प्यार के नाम पर गंदगी, अश्लीलता, बेवफाई और निरूत्तर होता प्यार...

इससे कुछ याद आ रहा है कि कुछ दिनो पहले पड़ोस मे किसी को बेटा पैदा हुआ, कुछ दिनो बाद मै मिलने गयी तो भईया भाभी ने कहा कि बेटा जरा इसका औरा देखना, मैने कहा कि बच्चो के औरा तो कुछ खास नही होते क्योंकि औरा तो मन कि गतिविधियों पर ज्यादा चलता है और बच्चे मे इसकी कमी पायी जाती है.. फिर भी उनकी जिद्द पर यूँ ही थोड़ा चेक किया और जो समझ मे बताया... उन्होने हँसते हुए कहा कि ये बताओ ये सीधा साधा होगा या बदमाश? मैने पूछा कि आपको क्या चाहिये? उन्होने कहा कि मुझे तो बदमाश ही चाहिये सीधे साधे लड़के अच्छे नही लगते... लड़का वही अच्छा लगता है जो १०-१२ गर्ल फ्रेन्ड पटाये, मार पीट करे....
वेल, यह उनकी पर्सनल च्वॉइस है.. मै नही कहती कि सभी लोगो की होगी, पर इस बात पर इंकार कौन कर सकता है कि ऐसी च्वॉइस दूसरे किसी की नहीं होगी?
ऐसे परिवेश मे जो लड़का पलेगा वो किस तरह के भविष्य को निरूपित करेगा... कोई भी अच्छे से अंदाजा लगा सकता है। उस लड़के के लिये प्यार महज खिलवाड़ ही होगा और कुछ नहीं...

ऐसी लड़की के लिये भी माँ-बाप की अपनी च्वॉइस होती है... वो सीधी संस्कारी, इत्यादि इत्यादि होनी चाहिये... लड़की जिस परिवेश मे पलती है (अधिकांशतः) प्यार उसके लिये एक हौवे से कम नही होता... घर मे लोग प्यार का नाम तक आने नहीं देते, लड़की अपना कोई अनुभव अपने अभिभावक से बांट नही पाती, इस कंडीशन मे वह बाहर मारी मारी फिरती है/फिरेगी ही... आखिर कहीं ना कहीं उसे कुछ ना कुछ तो चाहिये और ऐसे मे उसे किसी ऐसे लड़के का साथ मिल जाता है... जो लड़की के भावना को महज खिलवाड़ ही समझता है... और जो होता है वो मुझे बताने की जरूरत नही है...

पर इसमे गलती किसकी है? इस तरह के परिवेश मे पले युवक किसी पार्क मे प्यार की पवित्रता को नज़र-अन्दाज़ करते नज़र आ जायें तो इसमे कोई आश्चर्य नही होना चाहिये... खराबी तो नीव मे मिली है उपर से कितना भी लीपा पोती कर लो बात नही बनेगी।

अक्सर मुझसे टीनेज लड़कियाँ मिलती हैं और अपने कुछ अनसुलझे सवालों के जवाब मांगती रहती हैं, सवाल ऐसे कोई भारी भरकम नही होते जिनका जवाब उनके माता पिता नहीं दे सकते... मै अक्सर उनको कहती हूँ कि आप अपने ममा से ही पूछ सकती थी... तो जवाब होता है कि ना दीदी वो तुरन्त मुझे गलत समझ लेती हैं...
पता नहीं, क्या माँ इस दौर से नही गुजरी होंगी? जो बदलाव शारिरिक, मानसिक हारमोनल स्तर के दौर से यह लड़की गुजर रही है... उसकी माँ को भी गुजरना पड़ा होगा और आने वाली प्रत्येक पीढ़ी को गुजरना पड़ेगा... तब माँ बेटी में ऐसा रिश्ता क्यों नहीं बन पाता कि अपनी बेटी को इस नाजुक दौर मे पूरी सहायता दे, उसका पथ प्रदर्शक बने ना कि एक डिक्टेटर बन जायें।
मातृत्व समुदाय मुझे माफ करें पर अधिकांश लड़कियों की माँ यही काम करती हैं... जबकि माँ बेटी का रिश्ता अत्यंत मधुर होना चाहिये... इस रिश्ते पर अगर यूंही डिक्टेटरशिप लगी रही तो प्यार की स्थिती इससे भी कहीं ज्यादा भयावह होगी। यह सोच जब तक नही बदलेगी कि बेटा भी बदमाश नही शरीफ हो, इज्जत करना जाने, प्यार की पवित्रता को पहचाने वह अपने अनुभव अपने अन्दर हो रहे बदलाव को समझे तब तक अच्छे युवक के जन्म लेने का सवाल ही नही उठता, यही बात बेटी के लिये भी लागू होती है। अगर ऐसा नही हुआ तो प्यार का जो अर्थ अनर्थ निकलेगा/निकल रहा है वो शर्म-सार करता ही रहेगा... चाहें कितने भी बन्दिशें लगा दी जायें... जब तक नींव मजबूत ना हो इमारत को तो ढ़हना ही है...
समर्थ, शक्तिशाली, चरित्रवान युवा आसमान से उतर कर नहीं आयेंगे ना ही उनको जबरदस्ती ऐसा बनाया जा सकेगा... उसके लिये शुरूआत करनी पड़ेगी अपने ही घर से... वरना कितने भी दल बन जाये इस अनर्थ के अर्थ को रोक देना किसी के बस का नही हो सकता और जो होगा/हो रहा है उसके जिम्मेदार आप ही होंगे/हैं।
चरित्र कोई घूँटी नहीं हैं जिसे पिला दिया जाये और पीने वाला आत्मसात कर ले। बल्कि चरित्र हनन क्यों हो रहा है इसके कारण को जानकर निवारण की आवश्यकता है... वरना प्रेम दिवस यूँहीं अपमानित होता रहेगा वो भी उस उस देश मे जहाँ राधा कृष्ण की वन्दना की जाती है।
चलिये बहुत हो ली भाषण बाजी अब हम जा रहे हैं... अपने पापा जी को वेलेनटाइन डे विश करने... इसके लिये हमको डंडे नही पड़ने वाले बल्कि बहुत मजा आने वाला है... ये अलग बात है कि पापा जी के अचानक आये बिजनेस टूर के कारण सारे प्लानिंग धरी की धरी रह गयी... पर हम तो रोज रोज वेलेनटाइन डे मनाते हैं, वो भी नये नये अंदाज मे... वो हम आपको फिर कभी बतायेंगे अभी थोड़ी सी ममा पापा जी को तंग करके मजे लेने जा रहे हैं।